बिलासपुर
राकेश मिश्रा
बिलासपुर जिले के गनियारी में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के अनावरण से नाराज़ महिलाओं ने बिलासपुर कोटा मार्ग में गनियारी में चक्का जाम कर दिया ।चक्का जाम के चलते दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।पुलिस महिलाओं को समझने का प्रयास करती रही ।लेकिन महिलाएं विधायक और सरपंच से माफी मांगे जाने की मांग करती रही।पुलिस के द्वारा घंटो समझाईश के बाद चक्का जाम खोला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गनियारी में सशक्त नारी महासंघ गनियारी की महिलाओं ने आपस में चंदा और सहयोग कर गनियारी में पंचायत भवन के पास छत्त्सीगढ महतारी की मूर्ति स्थापित किया था ,जिसका अनावरण नही हुआ था।वहीं आज गनियारी में पंचायत भवन का लोकार्पण और शिलान्यास समारोह रखा गया था,जिसमे तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। वही गनियारी की सशक्त नारी महासंघ गनियारी की महिलाओं ने भी आज ही छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम रखा था।इसके लिए उन्होंने पंडाल लगाकर छत्तीसगढ़ी का कार्यक्रम का आयोजन भी रखा था।इसी क्रम में नारी संघ की महिलाओं ने अध्यक्ष के नेतृत्व में गांव में रैली निकाला था ।
इसी दौरान पंचायत भवन के उद्घाटन में पहुंचे विधायक धर्मजीत सिंह ने पंचायत भवन का उद्घाटन किया ।इस बीच सरपंच जितेंद्र राज ने विधायक से छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के अनावरण के लिए भी आग्रह कर दिया दिया।जब तक नारी संघ की महिलाएं रैली से वापस आती ।सरपंच के आग्रह पर विधायक ने छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण कर दिया और चले गए । जब संघ की महिलाओं को विधायक द्वारा मूर्ति का अनावरण किए जाने की जानकारी मिली ,तो अपनी अनुपस्थिति में केवल सरपंच के आग्रह पर मूर्ति के अनावरण किए जाने से महिलाएं आक्रोशित हो गई, और कोटा बिलासपुर मुख्यमार्ग पर चक्का जाम कर दिया और विधायक और सरपंच से माफी मांगने को मांग करने लगी। चक्का जाम के चलते बिलासपुर कोटा मार्ग में दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।मौके पर पहुंची पुलिस चक्का जाम कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास करती रही।लेकिन महिलाएं विधायक और सरपंच द्वारा माफी मांगने की जिद पर अड़ी रही।पुलिस द्वारा लगातार घंटो समझाईश के बाद महिलाएं चक्का जाम खोलने के लिए तैयार हुई।इसके बाद ही चक्का जाम खोला गया और आवागमन सुचारू हो पाया।
कार्ड में नहीं था मूर्ति के अनावरण का जिक्र
ग्राम पंचायत गनियारी की ओर से नव निर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए छपवाए गए आमंत्रण में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के अनावरण का उल्लेख नही था।इसका मतलब यह हुआ कि नारी संघ द्वारा मूर्ति के अनावरण का कार्यक्रम तो रखा गया था।लेकिन किसके द्वारा किया जायेगा यह निश्चित नही था।नारी संघ का अपना कार्यक्रम था ,जिसके अनुसार वे रैली निकाल कर ग्राम भ्रमण कर रही थी।लेकिन इस बीच उन्हे विधायक के द्वारा मूर्ति अनावरण किए जाने की जानकारी मिली और वे आक्रोशित गई।
यूं बताया महिलाओं ने अपने आक्रोश का कारण
गनियारी पंचायत की महिला ने बताया कि सरपंच जितेंद्र राज और विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर किसी अन्य निर्माण कार्य के उदघाटन के लिए गनियारी पहुंचे थे।लेकिन महिला समूह की महिलाओं के द्वारा निर्माण करवाए गए छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को बिना हमारी उपस्थित और जानकारी के अनावरण कर दिया जिससे हम सभी महिलाओं में आक्रोश है। और ऐसे कृत्य के लिए सरपंच और विधायक को माफी मांगना चाहिए ।
बीना सूर्यवंशी ने बताया कि ग्राम पंचायत गनियारी की महिलाएं पिछले 3 साल से पाई पाई इकट्ठा करके छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति बनवाए थे ,जिसका आज अनावरण हम महिलाओं के द्वारा किया जाना था। लेकिन हमारी इस मेहनत को एक झटके में सरपंच और विधायक के द्वारा चूर चूर कर दिया और बिन बुलाए ही आकर हमारे महतारी की मूर्ति का अनावरण कर दिया, जो एक प्रकार से हम महिलाओं के सम्मान काफी ठेस पहुंची है ।
लक्ष्मी सूर्यवंशी ने बताया ग्राम पंचायत गनियारी की महिलाओं के द्वारा आज छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम हम महिलाओं के द्वारा रखा गया था। उसी कड़ी में हम सभी महिलाओं के द्वारा रैली निकाला गया था रैली के बाद कार्यक्रम स्थल में सांस्कृतिक कार्यक्रम ओर भोजन की व्यवस्था की गई थी। जिसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण हम महिलाओं के द्वारा किया जान था ।लेकिन हमारे रैली से वापस आने से पहले ही सरपंच और विधायक की उपस्थिति में मूर्ति का अनावरण कर दिया गया था। जबकि हमारे द्वारा किसी नेता को अनावरण के लिए नहीं बुलाया गया था। इस घटना के लिए विधायक और सरपंच माफी मांगे और जो भी हमारा खर्चा हुआ है उसकी भरपाई करे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि ग्राम पंचायत गनियारी में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति अनावरण को लेकर विवाद के कारण महिलाओं ओर ग्रामीणों के द्वारा कोटा बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया गया था जिसके बाद महिलाओं को समझाई दी गई समझाईश के बाद ग्रामीणों के द्वारा चक्काजाम खोला गया।
इस विषय में अधिक जानकारी के लिए गनियारी सरपंच जितेंद्र राज को कई बार फोन लगाया गया मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
वहीं इस विषय में विधायक के फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर संपर्क नही हो पाया।