तख़तपुर
ब्यूरो –
स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छ भारत मिशन में नगर को अग्रणी रखने के लिए जिम्मेदार नगर पालिका खुद के कार्यालय में ही आने वाले लोगों के लिए प्रसाधन उपलब्ध नहीं करा पा रही है।एक प्रसाधन ऐसी जगह है जहाँ आम लोगो की नज़र नही जा सकती तो उपयोग की बात ही बेमानी है।दूसरा नगर पालिका ने अपने कार्यालय के सामने नया बनवाया लेकिन इसका उपयोग आम जनता के लिए न होकर पालिका के ठेकेदार के सामान रखने के लिए कराया जा रहा है।वही जिम्मेदार जवाब में तर्कहीन और रटा रटाया जवाब दे रहे हैं।
![](https://mishrakimirchi.com/wp-content/uploads/2021/02/IMG-20210203-WA0040-1024x485.jpg)
तख़तपुर नगर पालिका लोगो को स्वच्छता का संदेश देने में करोड़ो खर्च कर रही है।आम जन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आस पास को स्वच्छ रखने का संदेश देती है।रोज नगर में घूमने वाली कचड़ा उठाने वाली गाड़ियों में लगे स्पीकर से स्वच्छता का संदेश घर घर तक पहुंचाया जाता है।लेकिन खुद नगर पालिका इस संदेश पर कितना अमल करती है यह इस बात से जाना जा सकता है कि नगर पालिका कार्यालय में आने वालों के लिए ही प्रसाधन नही है।जो हैं वह या तो आम जन की पहुंच में नही है या फिर उसका उपयोग किसी दूसरे कार्य के लिए किया जा रहा है।
जो है,वह दिखता नही!
नगर पालिका में आने वालों का ज्यादातर काम भू तल पर ही रहता है सभी सम्बंधित विभाग के बाबू भी नीचे ही बैठते है।जबकि नगर पालिका में उपलब्ध प्रसाधन ऊपर की तल में है,जिसके बारे कार्यालय आने वाले अधिकांश लोगों को पता ही नही है।इसकी जानकारी के लिए नगर पालिका में कोई संकेत भी नही लगाया गया है कि प्रसाधन ऊपर के तल में है ।इसके कारण नगर पालिका कार्यालय आने वाले लोगो को पता ही नही चल पाता कि नगर पालिका भवन में कोई प्रसाधन भी है और इसलिए आवश्यकता पड़ने पर वे इसका उपयोग नहीं कर पाते है।
![](https://mishrakimirchi.com/wp-content/uploads/2021/02/IMG-20210203-WA0056-1024x1024.jpg)
नगर पालिका ने एक नया महिलाऔर पुरुष प्रसाधन कार्यालय के सामने ही बनवाया है लेकिन आम जनता इसका भी उपयोग नही कर पा रही है क्योंकि इसमें से पुरुष प्रसाधन में नगर पालिका के चहेते ठेकेदार द्वारा बिना किराया दिए भवन निर्माण सामग्री रखा जाता है।जबकि महिला प्रसाधन में ताला लगा हुआ है। इस तरह नगर पालिका कार्यालय आने वाली नगर की जनता को अपने कार्य निपटने तक या तो अपने प्राकृतिक वेग पर नियंत्रण रखकर कष्ट सहना पड़ता है या फिर कोई उचित जगह खोजकर निवृत होना पड़ता है।लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार आम जनता की इस मजबूरी की ओर ध्यान नही दे रहे हैं। लोगो को स्वच्छता का संदेश प्रतिदिन घर घर जाकर देने वाली नगर पालिका के अपने कार्यालय में लोगो को स्वच्छता के तरसना पड़ रहा है।
![](https://mishrakimirchi.com/wp-content/uploads/2021/02/IMG-20210203-WA0057-1024x1024.jpg)
जिम्मेदार का है उदासीन रवैया
इस विषय मे सीएमओ शीतल चंद्रवंशी का नज़रिया भी उदासीनता भरा दिखाई पड़ता है।उनका कहना है कि फिलहाल प्रसाधन निर्माणाधीन है ।इस वजह से शुरू नहीं करा पाए हैं।जल्दी ही शुरू करा लिया जाएगा ।
इनके चाहिए जवाब
- लेकिन यदि प्रसाधन निर्माणाधीन है तो उसके निर्माण कार्य को रोक कर चहेते ठेकेदार को बिना किराया सामान रखने की अनुमति कैसे दे दी गयी? इसका जवाब नही दिया।
- जब प्रसाधन निर्माणाधीन है तो महिला प्रसाधन में ताला क्यों लगाया गया है?उसे पूर्ण क्यों नहीं कराया जा रहा है?
- क्या स्वच्छता का संदेश देना और इसके लिए करोड़ों का बजट खर्च करना केवल दिखावे के लिए ही है?
- क्या तखतपुर का ओडीएफ घोषित किया सही है ?जबकि उसके खुदके कार्यालय में ही आमजनता को प्रसाधन मुहैय्या नही है।